सीतामढ़ी को मिली बड़ी सौगात: रिंग बांध रोड के कालीकरण कार्य की शुरुआत, यातायात होगा सुगम
सीतामढ़ी। शहर के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। सीतामढ़ी में रिंग बांध रोड के कालीकरण (ब्लैकटॉप) सड़क निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित योजना अब जमीन पर उतरने जा रही है, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह परियोजना मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत नगर निगम, सीतामढ़ी क्षेत्र में संचालित की जा रही है। निविदा प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर इस योजना को गति दी गई है।

प्रस्तावित सड़क पुराना पोस्टमार्टम हाउस के पास से शुरू होकर पासवान चौक, रिंग बांध, बाबा गणिनाथ मंदिर होते हुए अंबेडकर चौक तक बनेगी। इस मार्ग के निर्माण से इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर, सुरक्षित व सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद जाम की समस्या में कमी आने की संभावना है। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
