156 अवैध डीजे जब्त: सख्त कार्रवाई से शांतिपूर्ण होली की तैयारी, प्रशासन अलर्ट
सीतामढ़ी। सीतामढ़ी में आमजनों की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए ध्वनि प्रदूषण और कानून-व्यवस्था को लेकर सघन अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 156 अवैध डीजे सेट जब्त किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम खासकर विद्यार्थियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार व्यक्तियों की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने से पढ़ाई कर रहे छात्रों की एकाग्रता प्रभावित होती है और कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी होती हैं। इसी को देखते हुए आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 17 सेक्टर पेट्रोलिंग, 317 दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट से माहौल खराब न हो।

प्रशासन ने 24×7 नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। शराब माफियाओं, नियमों का उल्लंघन करने वालों और अश्लील गीत या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व-त्योहारों को प्रेम, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

