शिवहर में SVU की बड़ी कार्रवाई: डीडीसी के ठिकानों पर छापा, आय से अधिक संपत्ति का मामला

0
img-20260324-wa00112108615946566112970

सीतामढ़ी/शिवहर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवहर के डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर (डीडीसी) बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की। टीम ने तड़के उनके आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, जिसमें ससुराल पक्ष से जुड़े स्थान भी शामिल रहे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकारी ने अपने सेवा काल के दौरान करीब 1.84 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनकी घोषित आय से काफी अधिक बताई जा रही है। इसके बाद निगरानी टीम ने दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, जमीन-जायदाद के कागजात और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं।


सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनकी जांच जारी है। टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध संपत्ति किन माध्यमों से जुटाई गई और इसमें अन्य लोगों की भूमिका क्या रही।
जांच के दौरान बैंक लेन-देन, अचल संपत्तियों और संदिग्ध निवेश की गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही अवैध संपत्ति जब्त करने और आरोपी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी चल रही है।


निगरानी विभाग का कहना है कि राज्य में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed