10 हजार की स्कीम, सीट बंटवारे में देरी और फ्रेंडली फाइट—कांग्रेस की बिहार हार की मुख्य वजहें सामने आईं
Bihar Election 2025: कांग्रेस नेतृत्व ने गुरुवार को बिहार विधानसभा में निर्वाचित अपने विधायकों और पराजित उम्मीदवारों के साथ चुनाव परिणामों पर समीक्षा बैठक की, जिसमें कई नेताओं ने कहा कि महागठबंधन में समय पर सीटों का बंटवारा न हो पाना, ‘आंतरिक कलह’ और नीतीश कुमार सरकार द्वारा महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देना हार के मुख्य कारण रहे.
10-11 सीटों पर दोस्ताना मुकाबला था
बैठक के बाद अररिया से कांग्रेस विधायक आबिदुर रहमान ने कहा, “हार के कई कारण रहे। पहला कारण यह है कि आचार संहिता का उल्लंघन कर 10,000 रुपये दिए गए। गठबंधन में सीटों का बंटवारा समय पर नहीं हो सका। 10-11 सीटों पर दोस्ताना मुकाबला हुआ, जिससे जनता में अलग संदेश गया।” रहमान ने असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा का हवाला देते हुए दावा किया कि धार्मिक और सांप्रदायिक उन्माद फैलाने का असर हुआ। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पुराने और नए नेताओं के बीच टकराव था।

कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 10-10 के समूह में नेताओं से बातचीत की और उनसे हार के कारणों की जानकारी ली। इस बैठक में कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी मौजूद थे। बैठक के दौरान एक कांग्रेस प्रत्याशी और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के समर्थक के बीच बहस की भी खबर है, हालांकि पप्पू यादव ने इसे ‘झूठ’ बताया है।
पार्टी ने बिहार में 61 सीटों पर चुनाव लड़ा था और केवल छह सीटों पर जीत हासिल की थी। महागठबंधन भी 35 सीटों पर सिमट गया था। 2010 के बाद बिहार में पार्टी का यह दूसरा सबसे खराब प्रदर्शन था। 2010 में उसे केवल चार सीटें मिली थीं।
Input : Punjab Kesari
