बाल विवाह मुक्त पंचायत सीतामढ़ी: बथुआरा पंचायत में भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
सीतामढ़ी। बाल विवाह मुक्त पंचायत सीतामढ़ी अभियान के तहत परिहार प्रखंड के बथुआरा पंचायत में “हमारी पहचान, हमारा गर्व” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी रिची पांडेय के निर्देशानुसार वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई मो. नजीब अनवर एवं अनुमंडल पदाधिकारी सह बाल विवाह निषेध पदाधिकारी आनंद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
विशेष किशोर पुलिस इकाई, महिला एवं बाल विकास निगम और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के अधिकार और उनके भविष्य को सुरक्षित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान बथुआरा पंचायत को बाल विवाह मुक्त पंचायत बनने की उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बेला थानाध्यक्ष अचल अनुराग, एसएसबी 51वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट खुदीराम बनिया, कंपनी कमांडर राहुल ढाका, केंद्रीय प्रबंधक राकेश कुमार, मुखिया धनेश्वर पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाल संरक्षण समिति के सदस्यों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, वार्ड सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। पिछले पांच वर्षों से लगातार चलाए गए जागरूकता अभियान और घर-घर संपर्क के कारण ही पंचायत इस मुकाम तक पहुंच पाई है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी बाल विवाह जैसी कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे। अब पंचायत का अगला लक्ष्य बाल शोषण पर रोक लगाना और सभी बच्चों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करना है।

