सीतामढ़ी में रेल सुविधाओं को लेकर सांसद को ज्ञापन, ट्रेनों के विस्तार और नई सेवाओं की उठी मांग
सीतामढ़ी। जिले में रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर एक बार फिर आवाज उठी है। सीतामढ़ी रेल सुविधा सुधार मांग को लेकर राष्ट्रीय संगठन केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने स्थानीय सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि पाटलिपुत्र मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस (15507-08) और दानापुर मेमू एक्सप्रेस (15515-16) में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को चढ़ने में भी भारी कठिनाई होती है। ऐसे में इन ट्रेनों को एलएचबी कोच में अपग्रेड करने की मांग की गई है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इसके अलावा, सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12557-58) को दरभंगा तक विस्तार देने की जरूरत बताई गई। वर्तमान में इस ट्रेन की रैक लंबे समय तक मुजफ्फरपुर में खड़ी रहती है, जिससे संसाधनों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस (13419-20) को सीतामढ़ी तक बढ़ाया जाए, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके। साथ ही, समपार संख्या 56 पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज को जल्द पूरा कर बरसात से पहले चालू करने की अपील की गई।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीतामढ़ी जंक्शन के पास सरकारी बस स्टैंड निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
इसके अलावा, जनकपुर रोड (पुपरी) स्थित गुमटी संख्या 34 पर अंडरपास निर्माण की आवश्यकता बताई गई। वर्तमान में इस गुमटी के कारण शहर दो हिस्सों में बंट गया है, जिससे स्थानीय लोगों और छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रेलवे सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सीतामढ़ी जंक्शन के ट्रैक संख्या 3 और 4 पर लंबित क्विक ट्रेन वाटरिंग योजना को जल्द पूरा करने और पटना, सीतामढ़ी व मुजफ्फरपुर के बीच नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग भी की गई।
इस पर सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन समस्याओं को समस्तीपुर रेल मंडल की आगामी बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे।
इस अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य आलोक कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश जालान, विशेष लोक अभियोजक अंजनी कुमार, पत्रकार नागेन्द्र प्रसाद सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता शम्भू जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

