सीतामढ़ी के स्कूलों में भारी अनियमितता: कागजों पर सैकड़ों छात्र, मौके पर गिने-चुने

0
image_editor_output_image-1316035838-17756623580562634821624440702416

सीतामढ़ी। जिले के मेजरगंज प्रखंड में सीतामढ़ी स्कूल अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार सिंह द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कागजों पर सैकड़ों छात्र, हकीकत में नदारद
निरीक्षण के दौरान मध्य विद्यालय माधोपुर में उपस्थिति पंजी में 103 छात्रों की हाजिरी दर्ज थी, लेकिन मौके पर सिर्फ 33 छात्र ही मौजूद मिले। इस पर विद्यालय की एचएम शीला सिन्हा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।


वहीं, मध्य विद्यालय मलिनीया की स्थिति और भी चिंताजनक पाई गई। सुबह 11:20 बजे स्कूल में सिर्फ 14 छात्र उपस्थित थे, जबकि रजिस्टर में 282 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इस मामले में एचएम सरिता भूषण भी चुप रहीं।


कुछ स्कूलों में स्थिति सामान्य
हालांकि, प्राथमिक विद्यालय बलुआ में स्थिति सामान्य पाई गई। यहां के एचएम विनोद कुमार ने विद्यालय में बालिका शौचालय और चापाकल की कमी की समस्या उठाई, जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।


कार्रवाई की चेतावनी
बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिन स्कूलों में फर्जी उपस्थिति और अनियमितता पाई गई है, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सदस्य अशोक सिंह, दिनेश प्रसाद और धीरेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
जब इस संबंध में बीईओ मेजरगंज से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कार्रवाई की बात कहकर औपचारिकता पूरी कर दी। इस पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों पर छात्रों की संख्या बढ़ाकर सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका है। अब सवाल यह है कि क्या इस मामले में वास्तविक कार्रवाई होगी या फिर यह भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed