एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में रजनीश भास्कर को मिली चीफ मार्शल की जिम्मेदारी

0
image_editor_output_image-59797931-17785110016195701319367164130096

सीतामढ़ी। गुजरात के गांधीनगर में 11 मई से 17 मई 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित एशियन सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में बिहार के खेल प्रशासक एवं अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी रजनीश भास्कर को चीफ मार्शल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पहली बार है जब भारतीय भारोत्तोलन संघ इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।


चैंपियनशिप में एशिया के 29 देशों के कुल 178 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 101 पुरुष और 77 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 25 देशों से 45 अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारियों (ITO) की नियुक्ति की गई है।


भारत से चयनित चार आईटीओ में प्रदीप शर्मा, जी.पी. शर्मा, श्यामला शेट्टी और रजनीश भास्कर का नाम शामिल है। रजनीश भास्कर को प्रतियोगिता में चीफ मार्शल जैसी अहम जिम्मेदारी मिलना बिहार के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।


हाल ही में एलआईबी चीफ आईपीएस विकास वैभव द्वारा भी रजनीश भास्कर को एलआईबी स्पोर्ट्स चैप्टर का नेशनल हेड नियुक्त किया गया है। खेल प्रशासन और तकनीकी क्षेत्र में उनके योगदान की लगातार सराहना हो रही है।


रजनीश भास्कर ने इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के प्रेसिडेंट डॉ. सहदेव यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से भारतीय तकनीकी अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि एशियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन की टेक्निकल कमेटी द्वारा भारत के सभी चार आईटीओ का चयन किया गया है।


बिहार वेटलिफ्टर्स एसोसिएशन की टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन और बेगूसराय जिला वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रजनीश भास्कर बिहार के एकमात्र इंटरनेशनल रेफरी हैं। उनके चयन पर बिहार और बेगूसराय वेटलिफ्टिंग संघ के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए बधाई दी है।


सीतामढ़ी जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष एवं बिहार भारोत्तोलक संघ के उपाध्यक्ष अतुल कुमार ने कहा कि रजनीश भास्कर की यह उपलब्धि बिहार के खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक है तथा इससे राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed