SSB स्थापना दिवस के अवसर पर कन्हवा बॉर्डर पर बॉर्डर यूनिटी रन का आयोजन किया गया।

सीतामढ़ी। परिहार। सशस्त्र सीमा बल (SSB) के स्थापना दिवस के अवसर पर भारत–नेपाल सीमा स्थित कन्हवा बॉर्डर पर शनिवार की सुबह बॉर्डर यूनिटी रन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 7 बजे मुख्य अतिथि परिहार प्रखंड विकास पदाधिकारी उम प्रकाश कुमार ने कन्हवा सशस्त्र सीमा बल चौकी क्षेत्र अंतर्गत बेला फोरलेन से हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौड़ प्रतियोगिता में कुल 80 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को 5 किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर डॉक्टरों की टीम को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं 1 से 20वें स्थान तक आने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर बतौर अतिथि बेला थाना प्रभारी अचल अनुराग, कन्हवा सशस्त्र सीमा बल उपनिरीक्षक सचंद्र कुमार, कन्हवा पंचायत के मुखिया मोहम्मद जिलानी, विनय झा, विमल कुमार, डॉ. मोहम्मद आरिफ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और इस आयोजन को भारत–नेपाल सीमा पर आपसी सद्भाव और एकता का प्रतीक बताया।
