बिहार में जनगणना-2027 की तैयारी, 17 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया
सीतामढ़ी: बिहार में जनगणना 2027 (Census 2027) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके पहले चरण के तहत 17 अप्रैल 2026 से स्व-गणना प्रक्रिया (Self Enumeration Process) की शुरुआत होने जा रही है, जो 1 मई 2026 तक चलेगी।
इस प्रक्रिया के तहत नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन (Online Census Portal) के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
33 सवालों का देना होगा जवाब
सरकार द्वारा जारी जनगणना पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद नागरिकों को कुल 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। इनमें शामिल हैं:
मकान की स्थिति
परिवार के सदस्यों की संख्या
बिजली, पानी, शौचालय जैसी सुविधाएं
गैस कनेक्शन
मोबाइल और इंटरनेट उपयोग
डिजिटल होगी पूरी प्रक्रिया
इस संबंध में मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बताया कि फॉर्म भरने के बाद हर परिवार को एक Self Enumeration ID दी जाएगी, जिसे प्रगणक (Enumerator) के आने पर सत्यापन के लिए दिखाना होगा।
उन्होंने कहा कि यह नई व्यवस्था जनगणना को अधिक सटीक, तेज और डिजिटल बनाएगी।
लोगों से की गई अपील
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें और सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें।
उन्होंने कहा,
“जनगणना केवल जनसंख्या गिनने का कार्य नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है।”

