प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत
प्रयागराज: जिले के यमुनानगर जोन स्थित करछना-भीरपुर रेलखंड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही GRP (Government Railway Police) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गार्ड और लोको पायलट ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12312 (डाउन दिशा) के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे किलोमीटर संख्या 801/24-22 पर ट्रैक पर शव देखे जाने की सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और अधिकारियों को सूचित किया गया।
फिरोजाबाद से कोलकाता जा रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि मृतक उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के निवासी थे। सभी लोग फिरोजाबाद से कोलकाता जा रहे थे।
मृतकों की पहचान गिरिराज, आकाश, अजय और मुन्ना पासी के रूप में हुई है। एक अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद रेलवे और पुलिस विभाग ने विधिक कार्रवाई (Legal Action) शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

