बोखरा में उर्वरक दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, औचक जांच से मचा हड़कंप

0
image_editor_output_image-1699639912-17751458218656717703707053241901

सीतामढ़ीबिहार के सीतामढ़ी जिले के बोखरा प्रखंड में उर्वरक दुकानों की जांच को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को जिलाधिकारी ऋची पांडेय के निर्देश पर चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान से खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।


प्रशासनिक टीम ने प्रखंड के कई उर्वरक दुकानों पर अचानक पहुंचकर स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद की मात्रा का मिलान रिकॉर्ड से किया गया, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी का पता चल सके।


जांच टीम में बीडीओ चंद्रकांता कुमारी, थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार और मार्केटिंग ऑफिसर स्वप्निल राज सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी रिकॉर्ड अपडेट रखें और पूरी पारदर्शिता बनाए रखें।


प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अधिकारियों ने बताया कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।


इस कार्रवाई के बाद जहां उर्वरक दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल है, वहीं किसानों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। किसानों को उम्मीद है कि अब उन्हें सही समय पर और उचित कीमत पर खाद मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed