सीतामढ़ी की बेटी आर्ची राठौड़ का ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में चयन, बिहार का नाम किया रोशन
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले की बेटी आर्ची राठौड़ ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन दुनिया की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में Law (विधि) में मास्टर्स के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।
आर्ची राठौड़ का संबंध सीतामढ़ी के प्रताप नगर से है, जबकि उनका पैतृक निवास शिवहर जिले के परसौनी गोप में स्थित है। एक छोटे शहर से निकलकर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाना उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
जहां आज भी कई जगहों पर बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता नहीं दी जाती, वहीं आर्ची के पिता संजीव कुमार सिंह ने समाज की रूढ़ियों को तोड़ते हुए अपनी बेटी की पढ़ाई को सर्वोच्च महत्व दिया। उन्होंने हर कदम पर आर्ची का साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आर्ची बचपन से ही मेधावी और ऊंचे लक्ष्य रखने वाली छात्रा रही हैं। उनका मानना है कि “अगर आप बड़ा सोचते हैं, तो बड़ी सफलता जरूर हासिल कर सकते हैं।” आज उनकी यह सोच सच साबित हुई है।
उनकी मां रेखा सिंह के स्नेह और परिवार के सहयोग ने भी उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आर्ची राठौड़ की यह सफलता उन सभी बेटियों के लिए एक प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं।
उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अगर सही मार्गदर्शन और मजबूत इरादे हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
आज आर्ची न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे सीतामढ़ी और बिहार के लिए एक मिसाल बन चुकी हैं।

