सीतामढ़ी में बड़ी कार्रवाई: भिट्ठा थानाध्यक्ष मनोज कुमार निलंबित, वायरल वीडियो पर सख्त कदम
सीतामढ़ी: जिले में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए भिट्ठा थाना के थानाध्यक्ष मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष पर थाना परिसर में मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोप लगे थे। इस घटना से पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), पुपरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

प्राथमिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सीतामढ़ी निर्धारित किया गया है।
यह भी पढे: सीतामढ़ी भिट्ठा थाना वीडियो वायरल: थानाध्यक्ष का अभद्र व्यवहार कैमरे में कैद, कार्रवाई की मांग तेज
साथ ही उन्हें आदेश दिया गया है कि वे 5 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण विभाग को सौंपें, ताकि आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस कदम को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश माना जा रहा है।
